मप्र / हमें ऐसा प्रदेश मिला; जो किसान आत्महत्या, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में नंबर वन था: सीएम कमलनाथ
मुख्यमंत्री कमलनाथ सोमवार को नरसिंहपुर पहुंचे, उन्होंने यहां पर 100 बिस्तरों के अस्पताल का लोकार्पण किया। कमलनाथ बोले- मुझे नरसिंहपुर आकर बहुत खुशी हुई, यहां से बहुत पुराना संबंध है, इस जिले से हम पड़ोसी हैं। भाजपा ने हमें ऐसा प्रदेश सौंपा है, जो किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार में नंबर वन था। 15 साल बाद प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस सरकार बनी। इसके बाद हमारे लिए कृषि क्षेत्र में बदलाव लाना चुनौती थी, हमने 21 लाख किसानों का कर्जा माफ किया है।
कमलनाथ ने कहा कि भाजपा ने 15 सालों में किसान बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं किया, इन्होंने 15 साल जनता को गुमराह किया। हम कृषि क्षेत्र में क्रांति लाना चाहते हैं, गन्ना किसानों के लिए गन्ना नीति लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों हम आपके लिए वचनबद्ध हैं। प्रदेश में बेरोजगारों के लिए समस्या है, उनके हाथों को काम चाहिए, नौजवानों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए हम निवेश बढ़ाएंगे, जिससे उनके हाथों को काम मिले।
भाजपा के 15 साल कलाकारी भरे रहे
भाजपा के 15 साल की कलाकारी ये रही कि सम्मेलन में समय काट दिया। साढ़े सात महीने में हमने नियत और नीति का परिचय दिया है। हम वचनबद्ध हैं कि राज्य में नया इतिहास बनाएंगे। जिस विश्वास के साथ आपने कांग्रेस की सरकार बनाई उसका विश्वासघात नहीं होने देंगे। नरसिंहपुर का विकास छिंदवाड़ा के बराबर ही दिखेगा।
इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसी सुविधाएं नरसिंहपुर को मिलेंगी : स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच, अंतिम व्यक्ति तक का विकास है। जिले को 100 बिस्तर का अस्पताल जनता को आज समर्पित किया गया। पूरे प्रदेश में डॉक्टरों की कमी डेढ़ दो माह में पूर्ण कर ली जाएगी। जो सुविधाएं इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल को मिलेंगी वह नरसिंहपुर को भी दी जाएंगी।
बाबा साहब एक व्यक्ति नहीं एक सोच है : कमलनाथ
इसके पहले छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर एक व्यक्ति नहीं एक सोच है। युवा पीढी को इस सोच से परिचय कराने की जरुरत है। कमलनाथ ने यहां सत्कार चौक पर 63वें धर्मचक्र प्रवर्तन कार्यक्रम में में भाग लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हर धर्म का एक संदेश होता है। ठीक इसी प्रकार बौद्ध धर्म का भी जो संदेश है, उसकी आज सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि विश्व में भी आवश्यकता है।
उन्हाेंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर देश के ही नहीं बल्कि विश्व के हैं, जिनके कारण हमारे देश की बुनियाद खड़ी है। विभिन्न भाषा, जाति, त्यौहार और धर्म के होते हुये भारत आज बाबा साहब अंबेडकर के संविधान के कारण एक झंडे के नीचे है। इस मौके पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में सेल्फी पॉइंट का लोकार्पण किया और खुद सेल्फी ली।